बारसोई प्रखंड में शनिवार को कांग्रेस पार्टी की ओर से अभिनंदन समारोह एवं कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं बरारी विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी मो. तौकीर आलम तथा जिला कांग्रेस अध्यक्ष संजय कुमार सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता नवनियुक्त बारसोई प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष मो. शहनवाज ने की।
सम्मेलन का उद्देश्य पार्टी संगठन को मजबूत करना, कार्यकर्ताओं को एकजुट करना तथा बूथ स्तर तक संगठन का विस्तार करना रहा। प्रखंड अध्यक्ष मो. शहनवाज ने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के लिए मंडल, पंचायत और नगर अध्यक्षों के साथ समन्वय जरूरी है। उन्होंने कहा कि बारसोई के मुखिया संघ अध्यक्ष एवं बलरामपुर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी मो. मुआज्ज हुसैन के कांग्रेस से जुड़ने से संगठन को नई मजबूती मिलेगी।
राष्ट्रीय सचिव मो. तौकीर आलम ने कार्यकर्ताओं से जनता के छोटे-बड़े मुद्दों को लेकर सक्रिय संघर्ष करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पार्टी की प्राथमिकता कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाना और संगठन को जमीनी स्तर पर सशक्त बनाना है। उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक कांग्रेस को मजबूत करने की अपील की।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने महंगाई, राशन कार्ड से पात्र लोगों के नाम कटने जैसी समस्याओं का मुद्दा उठाते हुए कहा कि कांग्रेस गरीब और जरूरतमंद लोगों की आवाज सड़क से लेकर सदन तक बुलंद करेगी। उन्होंने कहा कि पात्र लाभुकों का नाम राशन कार्ड में जोड़ने के लिए पार्टी लगातार संघर्ष करेगी।
उन्होंने राम मंदिर से जुड़े कथित चंदा गबन के मामले का उल्लेख करते हुए कहा कि यदि किसी ने मंदिर की निधि का दुरुपयोग किया है तो निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
मुखिया संघ अध्यक्ष एवं कांग्रेस नेता इंजीनियर मौज्जम ने सभी अतिथियों और कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए कहा कि वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी से कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ा है और संगठन को नई ऊर्जा मिली है।
कार्यक्रम में मो. शौकत, वरिष्ठ कांग्रेस नेता मो. जहरुल इस्लाम, मो. शहवाज दीदार, मो. सद्दाम, सरपंच मो. बहादुर, उप सरपंच मो. जहांगीर, डॉ. मो. मस्नूर, आर.के. खन्ना, नूर अख्तर, मो. हन्नान, युवा कांग्रेस नेता मास्टर हसन रजा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Post a Comment