:
विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ की झारखंड महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष उर्वशी गिरी ने वीडियो संदेश जारी कर संगठन की रक्तदान सेवा को लेकर महत्वपूर्ण घोषणा की है। उन्होंने कहा कि संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी के नेतृत्व में सीमांचल सहित देश के विभिन्न राज्यों में वर्षों से निःस्वार्थ भाव से रक्तदान सेवा संचालित की जा रही है, जिसके माध्यम से हजारों जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराकर जीवन बचाया गया है।
उर्वशी गिरी ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देशानुसार अब संगठन की रक्तदान सेवा का लाभ प्राथमिकता के आधार पर गरीब, असहाय, लाचार और ऐसे जरूरतमंद परिवारों को दिया जाएगा, जिनके पास रक्तदाता उपलब्ध नहीं है।
उन्होंने सक्षम परिवारों से अपील की कि यदि उनके परिवार में रक्तदान करने योग्य सदस्य हैं, तो वे पहले स्वयं रक्तदान करें। इससे संगठन की सेवा उन लोगों तक अधिक प्रभावी ढंग से पहुंच सकेगी, जिन्हें वास्तव में इसकी आवश्यकता है।
उन्होंने युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने का आह्वान करते हुए कहा, "रक्तदान केवल एक दान नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद को नया जीवन देने का सबसे बड़ा माध्यम है।" संगठन ने लोगों से इस जनसेवा अभियान में सहयोग करने और नियमित रक्तदान के प्रति जागरूक होने की भी अपील की।
Post a Comment