:
बायसी थाना पुलिस ने पशु तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 20 भैंसों से लदे एक ट्रक को जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान चालक वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में तलाशी ली, जिसमें 20 भैंस बरामद हुए।
पुलिस के अनुसार, 21 जुलाई की रात करीब 12:15 बजे गुप्त सूचना मिली थी कि ट्रक संख्या डब्लूबी 59 सी 9932 में भैंसों को क्रूरतापूर्वक लादकर बायसी से पश्चिम बंगाल ले जाया जा रहा है। सूचना पर थाना प्रभारी रोशन कुमार सिंह के निर्देश पर एसआई राहुल यादव और पुलिस बल ने बंगरोरा गांव के समीप वाहन जांच अभियान चलाया। करीब एक बजे संदिग्ध ट्रक दिखाई देने पर पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया।
तलाशी के दौरान ट्रक में 20 भैंस अमानवीय परिस्थितियों में ठूंस-ठूंसकर लदे मिले। पुलिस का कहना है कि मवेशियों के खाने-पीने और पर्याप्त हवा की भी समुचित व्यवस्था नहीं थी, जिससे प्रथम दृष्टया पशु क्रूरता अधिनियम के उल्लंघन का मामला बनता है।
बरामद सभी मवेशियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सुरक्षित रूप से पूर्णिया अड़गड़ा भेज दिया गया है, जहां उनकी देखभाल की जाएगी। पुलिस ने अज्ञात चालक और वाहन मालिक के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम समेत अन्य संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। फरार चालक की तलाश के लिए छापेमारी जारी है और पूरे पशु तस्करी नेटवर्क की जांच की जा रही है।
Post a Comment