दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा समेत इंडिया गठबंधन के कई नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में बुधवार को किशनगंज शहर के गांधी चौक पर जिला कांग्रेस कमेटी के बैनर तले कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रतीकात्मक पुतला दहन किया। कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां और पार्टी के झंडे लेकर लोकतंत्र की रक्षा, विपक्ष की आवाज दबाने तथा जनहित के मुद्दों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए विरोध-प्रदर्शन किया।
कांग्रेस नेता मुसब्बिर आलम ने कहा कि शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन प्रत्येक नागरिक और राजनीतिक दल का संवैधानिक अधिकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली में विपक्षी नेताओं के साथ जिस प्रकार का व्यवहार किया गया, उससे लोकतांत्रिक मूल्यों को ठेस पहुंची है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष शहाबुल अख्तर ने केंद्र सरकार पर तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार जनहित के वास्तविक मुद्दों से लोगों का ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए कांग्रेस का संघर्ष आगे भी जारी रहेगा। साथ ही चेतावनी दी कि यदि विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास जारी रहा तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान शमशीर अहमद, आजाद शाहिल, शंभू यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Post a Comment