Top News

15 अगस्त समारोह की तैयारियों की डीएम ने की समीक्षा, शहीद अशफाक उल्ला खां स्टेडियम में विशेष व्यवस्था के निर्देश

:



आगामी 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस समारोह के सफल, गरिमापूर्ण एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर बुधवार को जिला पदाधिकारी नवीन कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय वेश्म में समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में समारोह की तैयारियों से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में मुख्य समारोह स्थल की तैयारी, यातायात व्यवस्था, बैरिकेडिंग, रंगाई-पुताई, सजावट, अल्पाहार, ध्वनि विस्तारक यंत्र, बैंड-बिगुल, शामियाना, कुर्सियों की व्यवस्था, राष्ट्रीय ध्वज फहराने की तैयारी, परेड, उद्घोषक, चिकित्सा व्यवस्था, "डॉ. रफत हुसैन मेमोरियल अवार्ड", विधि-व्यवस्था, दंडाधिकारी एवं संपर्क पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति, साफ-सफाई, स्मृति स्थलों पर ध्वजारोहण, ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव, राष्ट्रीय गान, वाहन व्यवस्था, अभिभाषण, ई-कार्ड के माध्यम से आमंत्रण-पत्र भेजने तथा महादलित टोलों में ध्वजारोहण सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने नगर परिषद, किशनगंज को मुख्य समारोह स्थल शहीद अशफाक उल्ला खां स्टेडियम में विशेष साफ-सफाई सुनिश्चित करने, वर्षा का पानी तत्काल निकालने, पेयजल की समुचित व्यवस्था करने, आवश्यकता अनुसार मिट्टी भराई कराने तथा बड़े-बड़े घासों की कटाई कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि समारोह के आयोजन में किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।

डीएम ने महादलित टोलों में ध्वजारोहण के लिए चिन्हित पदाधिकारियों की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि वहां भी स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम का प्रभावी आयोजन सुनिश्चित किया जा सके। साथ ही परेड दल में नए जवानों को अवसर देने का भी निर्देश दिया।

बैठक में उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार झा, अपर समाहर्ता अमरेन्द्र कुमार पंकज, अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) मो. उमैर, अपर समाहर्ता (विभागीय जांच), अपर समाहर्ता (जिला लोक शिकायत निवारण), अनुमंडल पदाधिकारी अनिकेत कुमार, वरीय उपसमाहर्ता सुनीता कुमारी, जिला योजना पदाधिकारी कुंदन कुमार सिंह, निदेशक डीआरडीए सहित सभी संबंधित जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post