Top News

रेतुआ नदी में उफान, महादलित टोला तक पहुंचा पानी, कटाव से कई घरों पर मंडराया खतरा

:



टेढ़ागाछ प्रखंड से होकर बहने वाली रेतुआ नदी में मंगलवार देर शाम अचानक जलस्तर बढ़ने से निचले इलाकों में दहशत का माहौल बन गया। नदी का तेज बहाव चिल्हनियां पंचायत के कोठी टोला देवरी गांव के वार्ड संख्या-11 स्थित महादलित टोला तक पहुंच गया है। नदी किनारे तेज कटाव शुरू होने से कई परिवारों के घरों और कृषि भूमि पर खतरा मंडराने लगा है।

ग्रामीणों ने बताया कि यदि समय रहते कटावरोधी कार्य नहीं कराया गया तो कई मकान नदी में समा सकते हैं। लगातार हो रही बारिश और बढ़ते जलस्तर ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है। प्रभावित क्षेत्र के लोग सुरक्षित स्थानों पर जाने की तैयारी में जुट गए हैं।

स्थानीय ग्रामीण चमक लाल मांझी, राधा देवी, आशा देवी, बिरेन्ची पासवान सहित अन्य लोगों ने जिला प्रशासन और जल संसाधन विभाग से तत्काल स्थल का निरीक्षण कर कटावरोधी कार्य शुरू कराने की मांग की है। उनका कहना है कि हर वर्ष बरसात के मौसम में रेतुआ नदी का कटाव गांव के लिए गंभीर समस्या बन जाता है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं किया गया है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से अविलंब आवश्यक कदम उठाकर कटाव रोकने और संभावित नुकसान से लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है। इधर, प्रशासन नदी के जलस्तर पर लगातार नजर बनाए हुए है। स्थानीय लोगों को सतर्क रहने तथा नदी किनारे अनावश्यक आवाजाही से बचने की सलाह दी गई है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि प्रशासन शीघ्र कार्रवाई कर उन्हें इस संकट से राहत दिलाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post