Top News

बिशहरिया को मिली डिग्री कॉलेज की सौगात, पप्पू यादव व विधायक कविता देवी ने किया उद्घाटन



बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी पहल के तहत राज्य के 211 प्रखंडों में डिग्री महाविद्यालयों के उद्घाटन कार्यक्रम के क्रम में बुधवार को कटिहार जिले के कोढ़ा प्रखंड अंतर्गत बिशहरिया पंचायत में नवस्थापित डिग्री महाविद्यालय का विधिवत उद्घाटन किया गया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से रिमोट दबाकर राज्यभर के महाविद्यालयों का एक साथ उद्घाटन किया।

स्थानीय स्तर पर आयोजित समारोह में सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव, कोढ़ा विधायक कविता देवी तथा जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर एवं नारियल फोड़कर महाविद्यालय का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने इसे क्षेत्र के विद्यार्थियों, विशेषकर ग्रामीण छात्र-छात्राओं के लिए उच्च शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।

इस अवसर पर सांसद पप्पू यादव ने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज के विकास का सबसे मजबूत आधार है। ग्रामीण क्षेत्र में डिग्री महाविद्यालय की स्थापना से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने में सुविधा होगी। वहीं विधायक कविता देवी ने कहा कि लंबे समय से क्षेत्र के लोगों की डिग्री कॉलेज की मांग थी, जो अब पूरी हो गई है। इससे छात्र-छात्राओं का समय और खर्च दोनों की बचत होगी।

जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा के विस्तार के लिए लगातार कार्य कर रही है। नए महाविद्यालय के संचालन से क्षेत्र में उच्च शिक्षा का दायरा बढ़ेगा और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध होगी।

समारोह में विधायक प्रतिनिधि रमण झा, विधान पार्षद प्रतिनिधि अखिलेश मेहता, प्रखंड एवं पंचायत के जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी, शिक्षाविद्, सामाजिक कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

वक्ताओं ने कहा कि अब कोढ़ा एवं आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को स्नातक की पढ़ाई के लिए कटिहार, पूर्णिया या अन्य शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। इससे न केवल शिक्षा का स्तर बेहतर होगा, बल्कि क्षेत्र के सामाजिक एवं शैक्षणिक विकास को भी नई गति मिलेगी। समारोह के अंत में उपस्थित लोगों ने बिहार सरकार के इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

Post a Comment

Previous Post Next Post