मुफस्सिल थाना क्षेत्र के महेंद्रपुर गांव में गुरुवार को दिनदहाड़े चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवरात, नगदी और अन्य सामान की चोरी कर ली। घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
पीड़ित गृहस्वामी अमनदीप कुमार ने बताया कि वह गुरुवार सुबह करीब नौ बजे रोज की तरह दमका (गुलाबबाग) स्थित हुंडई शोरूम में काम पर चले गए थे। घर से निकलने से पहले उन्होंने सभी दरवाजों पर ताला लगा दिया था। शाम करीब 8:30 बजे जब वह वापस लौटे और मुख्य गेट का ताला खोलकर अंदर पहुंचे तो कमरे का ताला टूटा हुआ मिला। घर के अंदर प्रवेश करते ही सभी सामान बिखरा पड़ा था। चोरों ने गोदरेज, ट्रंक, बक्सा और शोकेस का ताला तोड़कर उसमें रखे सामान को खंगाल दिया था।
पीड़ित के अनुसार, चोर घर से सोने की अंगूठी, कान और नाक की बाली, मंगलसूत्र, चांदी की पायल, चांदी की चेन सहित करीब पांच लाख रुपये मूल्य के जेवरात तथा लगभग 60 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए।
अमनदीप ने बताया कि वह अपने पिता के साथ घर में रहते हैं, लेकिन उनके पिता पिछले महीने अपनी बेटी के पास पठानकोट (पंजाब) गए हुए हैं। ऐसे में वह इन दिनों घर में अकेले रह रहे थे, जिसका फायदा चोरों ने उठाया।
सूचना मिलने पर मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विभिन्न पहलुओं पर जांच में जुटी हुई है।
Post a Comment