Top News

राजद स्थापना दिवस: लालू-तेजस्वी के नेतृत्व में जताया भरोसा, संगठन मजबूत करने का संकल्प


राष्ट्रीय जनता दल (राजद) का 29वां स्थापना दिवस रविवार को पूर्णिया के नवरतन हाता स्थित जिला कार्यालय में उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष दिलीप यादव ने की, जबकि पार्टी के जिला प्रभारी एवं पूर्व मंत्री शहनवाज आलम मुख्य रूप से मौजूद रहे। इस अवसर पर प्रधान महासचिव अभय सिन्हा, प्रदेश महासचिव डॉ. मनोज यादव, बनमनखी के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी संजीव कुमार उर्फ सोना पासवान, जिला प्रवक्ता डॉ. आलोक राज सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं समर्थक शामिल हुए।

पूर्णिया विश्वविद्यालय छात्र राजद इकाई (SSAI) के सदस्य भी बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल हुए। छात्र नेताओं ने सामाजिक न्याय, समानता और छात्रों के अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने राजद संस्थापक लालू प्रसाद यादव के सामाजिक न्याय के आंदोलन और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के नेतृत्व की सराहना की। छात्र राजद के अध्यक्ष पीयूष पुजारा ने कहा कि राजद केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय की विचारधारा है। उन्होंने रोजगार, शिक्षा और तकनीकी समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष जारी रखने तथा पूर्णिया विश्वविद्यालय के छात्रों के हित में आंदोलन तेज करने की बात कही।

कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने पार्टी को और मजबूत बनाने तथा आगामी चुनावों में बेहतर प्रदर्शन का संकल्प लिया। पार्टी के झंडे और नारों के बीच पूरे आयोजन में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

Post a Comment

Previous Post Next Post