कोलकाता से नेपाल के विराटनगर आईसीपी तक प्रस्तावित रेल कार्गो सेवा के संचालन की तैयारियों को लेकर रविवार को कटिहार रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) जोगबनी रेलवे स्टेशन पहुंचे। उन्होंने रेल कार्गो स्थल का निरीक्षण कर नेपाल के व्यापारियों एवं संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की।
बैठक में रेल कार्गो सेवा के सुचारु संचालन, माल ढुलाई की प्रक्रिया, आवश्यक बुनियादी सुविधाओं के विकास तथा भारत-नेपाल के बीच सीमा पार व्यापार को अधिक सरल और तेज बनाने सहित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा हुई। नेपाल के व्यापारियों ने भी कार्गो संचालन से जुड़ी समस्याओं और सुझावों से डीआरएम को अवगत कराया।
डीआरएम ने आश्वस्त किया कि रेल कार्गो सेवा के प्रभावी संचालन के लिए रेलवे हरसंभव आवश्यक कदम उठाएगा। उन्होंने कहा कि सेवा शुरू होने से भारत और नेपाल के बीच व्यापार को नई गति मिलेगी तथा माल परिवहन की लागत और समय दोनों में कमी आएगी।
निरीक्षण एवं बैठक के दौरान रेलवे के अधिकारी, कार्गो से जुड़े प्रतिनिधि और नेपाल के व्यापारी उपस्थित रहे।
Post a Comment