भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 56वीं वाहिनी एसएसबी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 क्विंटल 5 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। हालांकि अंधेरे और बारिश का फायदा उठाकर तस्कर मौके से फरार हो गए।
एसएसबी की पथराहा बीओपी को गुप्त सूचना मिली थी कि 19 जुलाई की रात सीमा स्तंभ संख्या 190/06 के रास्ते नेपाल से गांजे की बड़ी खेप भारत लाई जाएगी। सूचना के आधार पर कंपनी कमांडर जितेन्द्र सिंह के निर्देशन में सीमा पर विशेष घेराबंदी कर रात्रि नाका लगाया गया।
रात करीब 3:15 बजे जवानों ने कुछ संदिग्ध लोगों को नेपाल से भारत की ओर आते देखा। रोकने का प्रयास करते ही तस्कर अपने साथ लाया गया गांजा छोड़कर भाग निकले। जवानों ने पीछा किया, लेकिन घने अंधेरे और बारिश के कारण वे फरार हो गए।
तलाशी के दौरान एसएसबी ने मौके से 2 क्विंटल 5 किलोग्राम गांजा बरामद किया। जब्त गांजे को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद घूरना थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया।
इस कार्रवाई का नेतृत्व उपनिरीक्षक योगराज वर्मा ने किया। कंपनी कमांडर जितेन्द्र सिंह ने कहा कि भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी रोकने के लिए एसएसबी पूरी तरह सतर्क है और सीमा पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
Post a Comment