:
बैसा प्रखंड क्षेत्र के पटुगांव निवासी समाजसेवी मो. फजलुर्रहमान का शुक्रवार को निधन हो गया। शनिवार को दोपहर दो बजे उनकी जनाजे की नमाज अदा की गई, जिसके बाद उन्हें नम आंखों से सुपुर्द-ए-खाक किया गया। जनाजे में क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर उन्हें अंतिम विदाई दी।
उनके निधन की खबर फैलते ही पटुगांव सहित आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई। अंतिम दर्शन और जनाजे में शामिल होने के लिए लोगों की भारी भीड़ उनके आवास पर उमड़ पड़ी। बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी उनके सामाजिक योगदान और लोकप्रियता की गवाही देती रही।
समाजसेवी मो. फजलुर्रहमान के निधन पर विधायक अख्तरूल ईमान, पूर्व मंत्री अब्दुल जलील मस्तान, मुखिया मो. शाकिब अहमद, उपप्रमुख मो. फिरोज आलम, पूर्व मुखिया आसिफ इकबाल, मौलाना सादिक साहेब, मौलाना आरिफ साहेब, मौलाना नौमान सादिक साहेब, हाफिज खतीबुर्रहमान, पंचायत समिति सदस्य मो. इस्लाम उद्दीन, शायर-ए-इस्लाम मो. सराफत हुसैन, समाजसेवी मो. हनीफ, शिक्षक मो. शमशुल होदा, पूर्व चेयरमैन मो. मंजूर आलम, वार्ड सदस्य मो. मुजाहीर सहित अनेक जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य लोगों ने गहरा शोक व्यक्त किया।
शोक संदेश में वक्ताओं ने कहा कि मो. फजलुर्रहमान बेहद मिलनसार, सरल और समाज के प्रति समर्पित व्यक्ति थे। वे जरूरतमंदों और गरीबों की हरसंभव मदद करने के लिए हमेशा आगे रहते थे। उनके दरवाजे से कोई भी जरूरतमंद खाली हाथ नहीं लौटता था। लोगों से मुस्कुराकर मिलना उनकी सबसे बड़ी पहचान थी। उनके निधन से क्षेत्र ने एक ऐसे समाजसेवी को खो दिया है, जिसकी कमी लंबे समय तक महसूस की जाएगी।
Post a Comment