Top News

नीट-यूजी में AIR-202 हासिल करने वाले सक्षम गुप्ता का चैंबर ऑफ कॉमर्स ने किया सम्मान




मुरलीगंज। नगर पंचायत के वार्ड संख्या आठ निवासी सक्षम गुप्ता ने मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट-यूजी 2026 में ऑल इंडिया रैंक (एआईआर) 202 हासिल कर मुरलीगंज समेत पूरे मधेपुरा जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि पर शनिवार को चैंबर ऑफ कॉमर्स, मुरलीगंज की ओर से सम्मान समारोह आयोजित कर उन्हें बुके, अंगवस्त्र और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष शिव शंकर भगत ने कहा कि सक्षम की सफलता पूरे कोसी क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। कठिन परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प से मिली यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनेगी। सचिव विनोद बाफना ने कहा कि संस्था शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन करती रही है। उपाध्यक्ष प्रणय साह ने सक्षम के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं को नई दिशा देगी।

सक्षम के पिता श्याम कुमार गुप्ता मुरलीगंज में पुश्तैनी किराना दुकान चलाते हैं, जबकि माता सारिका देवी गृहिणी हैं। उनके दादा गजाधर साह हैं तथा परिवार में बहन साक्षी कुमारी भी हैं। सामान्य परिवार से आने वाले सक्षम की प्रारंभिक शिक्षा मुरलीगंज के एक निजी विद्यालय में हुई। वर्ष 2019 में उनका चयन जवाहर नवोदय विद्यालय में हुआ, जहां उन्होंने कक्षा छह से दसवीं तक की पढ़ाई की। वर्ष 2024 में सीबीएसई बोर्ड से 95 प्रतिशत अंकों के साथ मैट्रिक उत्तीर्ण करने के बाद उन्होंने पुणे स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय से विज्ञान संकाय में इंटरमीडिएट की परीक्षा वर्ष 2026 में 95 प्रतिशत अंकों के साथ पास की।

नीट की तैयारी के लिए सक्षम ने पुणे के एक निजी कोचिंग संस्थान में दो वर्षों तक अध्ययन किया। उन्होंने बताया कि प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक कोचिंग की कक्षाएं चलती थीं। इसके बाद रात करीब एक बजे तक नियमित सेल्फ स्टडी करते थे। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के विश्वास, शिक्षकों के मार्गदर्शन, अनुशासित दिनचर्या और निरंतर मेहनत को दिया। सक्षम ने कहा कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और नियमित अध्ययन किया जाए तो किसी भी प्रतियोगी परीक्षा में सफलता प्राप्त की जा सकती है।

सम्मान समारोह में संरक्षक मंडल के सदस्य रामगोपाल भूत, उपाध्यक्ष भानु पाल, संजय बीडीओ, विनय चौधरी, संयुक्त सचिव राजीव जायसवाल, कार्यालय प्रभारी मनोज भगत, कार्यकारिणी सदस्य सुबोध जायसवाल, मुन्ना भगत, मनीष विनायक, रविन्द्र भगत, प्रदीप भगत सहित चैंबर ऑफ कॉमर्स के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post