Top News

मुरलीगंज के सक्षम बने मधेपुरा का गौरव, नीट में ऑल इंडिया रैंक 202


मुरलीगंज नगर पंचायत के वार्ड संख्या-8 निवासी सक्षम गुप्ता ने देश की प्रतिष्ठित मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट-यूजी 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया रैंक (AIR) 202 प्राप्त की है। इस उपलब्धि से न केवल मुरलीगंज बल्कि पूरे मधेपुरा जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन हुआ है। सक्षम की सफलता की खबर मिलते ही परिवार, रिश्तेदारों और क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई।

सक्षम के पिता श्याम कुमार गुप्ता मुरलीगंज में पुश्तैनी किराना दुकान का संचालन करते हैं, जबकि उनकी माता सारिका देवी गृहिणी हैं। उनके दादा गजाधर साह हैं और परिवार में उनकी एक बहन साक्षी कुमारी भी हैं। साधारण परिवार से आने वाले सक्षम ने अपनी मेहनत, अनुशासन और लगन के बल पर यह बड़ी उपलब्धि हासिल की है।

सक्षम की प्रारंभिक शिक्षा मुरलीगंज के एक निजी विद्यालय में कक्षा एक से पांच तक हुई। वर्ष 2019 में उनका चयन जवाहर नवोदय विद्यालय में हुआ, जहां उन्होंने कक्षा छह से दसवीं तक की पढ़ाई की। वर्ष 2024 में उन्होंने सीबीएसई बोर्ड की मैट्रिक परीक्षा 95 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण की। इसके बाद उन्होंने पुणे स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय से विज्ञान संकाय में इंटरमीडिएट की परीक्षा वर्ष 2026 में भी 95 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी के लिए सक्षम ने पुणे के एक निजी कोचिंग संस्थान में लगातार दो वर्षों तक अध्ययन किया। उन्होंने बताया कि प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक नियमित कोचिंग की कक्षाएं होती थीं। इसके बाद रात करीब 1 बजे तक सेल्फ स्टडी करते थे। उनका मानना है कि नियमित पढ़ाई, अनुशासन और निरंतर अभ्यास ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है।

अपनी सफलता का श्रेय सक्षम ने अपने माता-पिता के अटूट विश्वास, मार्गदर्शन और आशीर्वाद को दिया। उन्होंने कहा, "मेरे माता-पिता हमेशा मुझ पर भरोसा जताते थे और कहते थे कि तुम जरूर सफल होगे। उन्हीं के विश्वास, आशीर्वाद और मेरी मेहनत का परिणाम है कि आज मुझे यह सफलता मिली है।"

सक्षम की इस उपलब्धि से मुरलीगंज और मधेपुरा के युवाओं में उत्साह का माहौल है। उनकी सफलता उन विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े लक्ष्य हासिल करने का सपना देखते हैं। स्थानीय लोगों ने सक्षम और उनके परिवार को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post