पूर्णिया के मरंगा थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मरंगा में बने बालू डिपो से निकल रहे तेज रफ्तार और अनियंत्रित बालू लदे ट्रैक्टर ने बाइक को टक्कर मारने के बाद चालक ने वाहन नहीं रोका, बल्कि घायल युवक को कुचलते हुए फरार हो गया। इस हृदयविदारक घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है।
मृतक की पहचान मरंगा थाना क्षेत्र के बादरपुर निवासी नरेश पासवान के पुत्र निखिल कुमार के रूप में हुई है। हादसा मरंगा नहर के समीप उफरैल चौक के पास मरंगा बायपास पर हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बालू लदा ट्रैक्टर काफी तेज रफ्तार में था। टक्कर लगते ही निखिल सड़क पर गिर पड़े। चालक चाहता तो वाहन रोककर उनकी जान बचाने की कोशिश कर सकता था, लेकिन पकड़े जाने के डर से वह घायल को कुचलते हुए ट्रैक्टर लेकर फरार हो गया।
स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल निखिल को तत्काल राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (जीएमसीएच), पूर्णिया पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन अत्यधिक गंभीर चोटों के कारण उनकी मौत हो गई।
घटना की खबर मिलते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया। परिजनों के अनुसार निखिल कुमार परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे। उनके पीछे पत्नी और पांच बेटियां हैं, जिनके सिर से पिता का साया उठ गया। पूरे गांव में इस दर्दनाक हादसे को लेकर शोक और गुस्से का माहौल है।
अस्पताल से सूचना मिलने के बाद मरंगा थाना पुलिस जीएमसीएच पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने परिजनों के बयान के आधार पर अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और गैर-इरादतन हत्या सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस मरंगा बायपास और उफरैल चौक के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि बालू लदे ट्रैक्टर और उसके फरार चालक की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा सके। वहीं, स्थानीय लोगों ने प्रशासन से बालू डिपो से निकलने वाले तेज रफ्तार ट्रैक्टरों पर सख्त कार्रवाई और नियमित निगरानी की मांग की है।
Post a Comment