Top News

अधूरे पुल और जलमग्न डायवर्सन से ग्रामीणों की बढ़ी परेशानी, आवागमन बाधित

:

ठाकुरगंज प्रखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क एवं पुल निर्माण कार्यों में हो रही देरी का खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है। खारुदह पंचायत और भौलमारा पंचायत को जोड़ने वाली बारहमनी से भयंकरदुवारी बस्ता कोला गांव तक प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत निर्माणाधीन सड़क पर चांदमनी के समीप पुल का निर्माण कार्य लंबे समय से अधूरा पड़ा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार पुल के साथ वैकल्पिक डायवर्सन भी पूरी तरह तैयार नहीं किया गया है। बरसात के कारण डायवर्सन पर पानी भर जाने से दुपहिया, तिपहिया और चारपहिया वाहनों का आवागमन मुश्किल हो गया है। इससे प्रतिदिन इस मार्ग से गुजरने वाले ग्रामीणों, छात्रों, किसानों और अन्य राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीण एवं सामाजिक कार्यकर्ता मो. एहतशाम ने बताया कि वर्ष 2025 में पुल निर्माण कार्य शुरू हुआ था, लेकिन अब तक पूरा नहीं हो सका है। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्माण एजेंसी ने सुरक्षित एवं उपयोगी डायवर्सन भी नहीं बनाया, जिससे बरसात के दिनों में स्थिति और गंभीर हो गई है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में विभागीय अधिकारियों को शिकायत कर शीघ्र निर्माण कार्य पूरा कराने की मांग की गई है।

विभागीय सूत्रों के अनुसार संवेदक को समय पर भुगतान नहीं मिलने के कारण निर्माण कार्य प्रभावित हुआ है। भुगतान में विलंब से कई परियोजनाओं की रफ्तार धीमी पड़ गई है, जिसका सीधा असर ग्रामीण क्षेत्रों की आधारभूत सुविधाओं पर पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने विभाग से लंबित भुगतान की प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर पुल निर्माण एवं डायवर्सन का कार्य जल्द समाप्त कराने की मांग की है, ताकि बरसात के मौसम में लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post