कोढ़ा प्रखंड की चंदवा पंचायत स्थित उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय चंदवा-रूपसपुर में शनिवार को दो छात्रों के बीच हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। छात्रों के परिजनों और समर्थकों के विद्यालय पहुंचने के बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिससे विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई और शैक्षणिक गतिविधियां प्रभावित हो गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडों के साथ आमने-सामने आ गए। मारपीट में कई लोग घायल हो गए। घटना से विद्यालय में मौजूद छात्र-छात्राओं में दहशत फैल गई। स्थिति को देखते हुए शिक्षकों ने तत्परता दिखाते हुए बच्चों को सुरक्षित कक्षाओं के अंदर पहुंचाया और उन्हें किसी भी तरह की अनहोनी से बचाया।
घटना की सूचना मिलते ही रौतारा थाना पुलिस और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को अलग किया और स्थिति पर नियंत्रण पाया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
मारपीट के दौरान विद्यालय परिसर में लगाए गए पौधों को भी नुकसान पहुंचा। घटना के बाद कुछ समय तक विद्यालय में तनावपूर्ण माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों ने शिक्षा संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और विद्यालय परिसर में बाहरी लोगों की अनियंत्रित आवाजाही पर रोक लगाने की मांग की है।
रौतारा थाना प्रभारी लालसार विंद ने बताया कि मामले की सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया। उन्होंने कहा कि आवेदन प्राप्त होने के बाद मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
Post a Comment