:
बिहार विधानसभा के मानसून सत्र शुरू होने से पहले विधानसभा परिसर के बाहर एआईएमआईएम (AIMIM) के विधायकों ने सीमांचल की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व बिहार प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक अख्तरूल ईमान ने किया। उनके साथ विधायक मुर्शिद आलम, गुलाम सरवर और सरवर आलम भी मौजूद रहे।
प्रदर्शन के दौरान विधायकों ने सीमांचल को विशेष ध्यान और विशेष पैकेज देने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि सीमांचल बाढ़ प्रभावित क्षेत्र है, इसलिए यहां के लोगों की सुरक्षा, राहत एवं पुनर्वास के लिए प्रभावी व्यवस्था की जानी चाहिए।
विधायकों ने यह भी मांग की कि जिन लोगों का नाम राशन कार्ड से हटाया गया है, उनका नाम दोबारा जोड़ा जाए तथा पात्र लोगों के नए राशन कार्ड शीघ्र बनाए जाएं। साथ ही सीमांचल क्षेत्र की जर्जर सड़कें और पुल-पुलियों का जल्द निर्माण कराने की भी मांग की गई।
एआईएमआईएम नेताओं ने कहा कि दलितों और अल्पसंख्यकों के साथ किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं होना चाहिए तथा उन्हें सरकारी योजनाओं और अधिकारों का समान लाभ मिलना चाहिए। उन्होंने सरकार से सीमांचल के समग्र विकास और क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।
Post a Comment