मुरलीगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 927 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। तस्करी में प्रयुक्त बिना रजिस्ट्रेशन वाली थार वाहन भी जब्त की गई है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय अवैध बाजार में कीमत करीब दो करोड़ रुपये आंकी जा रही है।
एसडीपीओ प्रवेंद्र भारती ने गुरुवार को प्रेसवार्ता में बताया कि पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत प्रशिक्षु डीएसपी सह थानाध्यक्ष नुरुल हक को गुप्त सूचना मिली थी कि पूर्णिया से मुरलीगंज होते हुए मधेपुरा की ओर स्मैक की खेप ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर मुरलीगंज पुलिस और डीआईयू टीम ने वाहन जांच अभियान चलाया।
जांच के दौरान संदिग्ध थार वाहन की तलाशी में 927 ग्राम स्मैक और दो मोबाइल फोन बरामद हुए। मौके से मधेपुरा थाना क्षेत्र के जयपालपट्टी निवासी सरोज कुमार (28) और साहुगढ़ वार्ड-15 निवासी अभिमन्यु कुमार (19) को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। एसडीपीओ ने बताया कि दोनों किसी बड़े मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं। पूरे नेटवर्क की पहचान और अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
Post a Comment