जिले में अवैध पशु तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत किशनगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 85 मवेशियों को बरामद किया है। इस दौरान तीन वाहनों से सात अंतरजिला पशु तस्करों को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक हरिमोहन शुक्ला के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने कोचाधामन थाना क्षेत्र में एनएच-327ई पर की।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर विशेष टीम ने कोचाधामन थाना पुलिस के सहयोग से दो पिकअप वैन और एक डीसीएम कंटेनर वाहन की जांच की। जांच के दौरान दो पिकअप वैन से 29 तथा डीसीएम कंटेनर से 56 मवेशी बरामद किए गए। सभी मवेशियों को अवैध तस्करी से मुक्त कर सुरक्षित कब्जे में लिया गया।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि मवेशियों को नालंदा, नवगछिया और सुपौल से लाकर किशनगंज जिले के अर्राबाड़ी एवं पोठिया थाना क्षेत्र स्थित बूचड़खानों तक पहुंचाया जा रहा था। पुलिस द्वारा पशुओं की खरीद-बिक्री से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे जाने पर आरोपी कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। जांच में यह भी सामने आया कि वाहनों में क्षमता से अधिक मवेशियों को क्रूरतापूर्वक भरकर ले जाया जा रहा था।
गिरफ्तार तस्करों में नालंदा, भागलपुर, नवगछिया, कटिहार और अररिया जिले के निवासी शामिल हैं। इस संबंध में कोचाधामन थाना में पशु क्रूरता अधिनियम सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Post a Comment