Top News

79 साल बाद भी बदहाल सड़क, कीचड़ और जलभराव में चलने को मजबूर ग्रामीण


कटिहार जिले के बारसोई प्रखंड की भवानीपुर पंचायत स्थित पुरिया गांव के महलदार टोली जाने वाली सड़क आज भी बदहाल स्थिति में है। आजादी के 79 वर्ष बाद भी इस सड़क का पक्कीकरण नहीं हो सका है, जिससे ग्रामीणों को रोजाना कीचड़ और जलभराव के बीच आवागमन करने को मजबूर होना पड़ रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। बारिश के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। सड़क पर कीचड़ और पानी भर जाने से बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं तथा स्कूली छात्रों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। कई बार लोग फिसलकर घायल भी हो जाते हैं।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि चुनाव के समय जनप्रतिनिधि सड़क निर्माण सहित विकास के बड़े-बड़े वादे करते हैं, लेकिन चुनाव समाप्त होते ही इस सड़क की सुध लेने वाला कोई नहीं रहता। उनका कहना है कि विकास के दावों के बावजूद इस सड़क की बदहाली सरकारी दावों की हकीकत बयां कर रही है।

ग्रामीणों ने बताया कि भवानीपुर पंचायत के मुखिया के घर से यह सड़क करीब 500 मीटर की दूरी पर स्थित है। इसके बावजूद वर्षों से इसका पक्कीकरण नहीं कराया गया। कई बार संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से मांग करने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

ग्रामीणों ने बिहार सरकार और संबंधित विभाग से जल्द से जल्द सड़क का पक्कीकरण कराने की मांग की है। उनका कहना है कि सड़क बनने से लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी तथा क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post