Top News

325 किलो गांजा के साथ कटिहार का तस्कर गिरफ्तार, स्कॉर्पियो जब्त

:



मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में कुर्साकांटा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 325 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्कॉर्पियो वाहन और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है।

जानकारी के अनुसार गुरुवार तड़के करीब 4:20 बजे पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि गांजे की बड़ी खेप स्कॉर्पियो से कुर्साकांटा होकर गुजरने वाली है। सूचना के सत्यापन के बाद थानाध्यक्ष रोहित कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कुर्साकांटा बाजार स्थित स्टैंड चौक के समीप वाहन जांच अभियान शुरू किया।

इसी दौरान कुआड़ी की ओर से आ रही सफेद रंग की स्कॉर्पियो (BR11BT7637) को रोकने का संकेत दिया गया। पुलिस को देखते ही चालक वाहन छोड़कर भागने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे पीछा कर दबोच लिया।

वाहन की तलाशी के दौरान स्कॉर्पियो में रखे नौ प्लास्टिक बोरों से कुल 325 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। साथ ही आरोपी के पास से एक रियलमी कंपनी का स्मार्टफोन भी जब्त किया गया।

गिरफ्तार तस्कर की पहचान मोहम्मद शमीम (47), पिता मो. लहेरी, निवासी फलका बाजार वार्ड संख्या-11, थाना फलका, जिला कटिहार के रूप में हुई है।
पुलिस ने बरामद गांजा को एनडीपीएस अधिनियम के तहत निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार जब्त कर लिया है। मामले में कुर्साकांटा थाना कांड संख्या-120/26 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

छापेमारी दल में थानाध्यक्ष रोहित कुमार, प्र.पु.अ.नि. विकास कुमार, सिपाही बिपिन कुमार, महिला सिपाही प्रियंका कुमारी, भाग्य ज्योति तथा गृह रक्षक सुनील कुमार विश्वास एवं शंकर सिंह शामिल थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post