Top News

उत्तरी मुरादपुर से 'टीबी मुक्त भारत महाभियान' का शुभारंभ, 14 अगस्त तक चलेगा विशेष अभियान


कुरसेला प्रखंड के उत्तरी मुरादपुर पंचायत भवन परिसर में शनिवार को भारत सरकार के 'टीबी मुक्त भारत महाभियान' का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन डीआरडीए निदेशक सुदामा प्रसाद सिंह, प्रखंड प्रमुख दीपमाला सिंह, मुखिया अविनाश सिंह, बीडीओ कुमारी प्रियमवदा, सीओ अनुपम कुमारी, बीपीआरओ शांतनु कुमार ठाकुर, सीडीपीओ विभा कुमारी तथा प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अमर लाल ने संयुक्त रूप से फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया।

डीआरडीए निदेशक सुदामा प्रसाद सिंह ने बताया कि यह विशेष अभियान शनिवार से शुरू होकर 14 अगस्त तक चलेगा। अभियान का उद्देश्य टीबी के संभावित मरीजों की पहचान कर उनकी समय पर जांच एवं निःशुल्क उपचार सुनिश्चित करना है।

उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव-गांव जाकर लोगों की स्वास्थ्य जांच एवं स्क्रीनिंग करेगी। स्क्रीनिंग के दौरान संदिग्ध पाए जाने वाले लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कुरसेला लाकर आवश्यक जांच कराई जाएगी। जांच में टीबी की पुष्टि होने पर मरीजों का छह माह तक सरकार की ओर से निःशुल्क इलाज किया जाएगा। उपचार पूरा होने पर डीबीटी के माध्यम से मरीज के बैंक खाते में 6,000 रुपये की सहायता राशि भी प्रदान की जाएगी।

उन्होंने जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों से अभियान को सफल बनाने तथा अधिक से अधिक लोगों तक इसकी जानकारी पहुंचाने की अपील की। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को टीबी की रोकथाम, जांच प्रक्रिया और उपचार संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी गईं।

इस अवसर पर सरपंच नीरज कुमार सिंह, उपमुखिया प्रभु दयाल शर्मा, बीसीएम अभय कुमार, सीएचओ डॉ. निलांजल महबूब खान, अवधेश राम, विकास महाल्दार सहित कई जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post