बरारी प्रखंड में शनिवार से 100 दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान की शुरुआत हो गई। अभियान के पहले दिन स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रखंड की सभी 21 पंचायतों एवं एक नगर पंचायत में विशेष स्क्रीनिंग शिविर आयोजित किए गए, जिनमें कुल 887 लोगों की टीबी जांच की गई। अभियान के तहत संभावित मरीजों की समय पर पहचान कर उन्हें उपचार से जोड़ने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। यह अभियान 14 अगस्त तक चलेगा।
पूर्वी बारीनगर पंचायत भवन में आयोजित शिविर का निरीक्षण जिला भू-अर्जन पदाधिकारी मो. अजमल खुर्शीद ने किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्क्रीनिंग कार्य पूरी गंभीरता से किया जाए और अधिक से अधिक लोगों की जांच सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान बीडीओ धीरेंद्र कुमार धीरज, सीओ मनीष कुमार, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मुसर्रफ हुसैन, प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक एकलाख आलम, बीसीएम मरगूब आलम, स्वास्थ्यकर्मी, बीस सूत्री अध्यक्ष मनोज सिंह कुशवाहा सहित कई अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
बीस सूत्री अध्यक्ष मनोज सिंह कुशवाहा ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने लोगों से टीबी के लक्षण दिखने पर बिना देर किए जांच कराने की अपील की।
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मुसर्रफ हुसैन ने बताया कि जिन शिविरों में 40 से कम लोगों की स्क्रीनिंग हुई है, वहां दोबारा विशेष शिविर लगाकर लक्ष्य पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान अधिक से अधिक लोगों की जांच कर टीबी मरीजों की शीघ्र पहचान और उपचार सुनिश्चित किया जाएगा।
Post a Comment