कटिहार जिले के कुरसेला प्रखंड में टीबी मुक्त भारत महाअभियान के दूसरे दिन रविवार को जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने विभिन्न पंचायतों और नगर पंचायत में संचालित टीबी स्क्रीनिंग शिविरों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने उत्तरी मुरादपुर, पूर्वी मुरादपुर और नगर पंचायत कुरसेला में चल रहे शिविरों का जायजा लेकर स्वास्थ्य कर्मियों को गुणवत्तापूर्ण स्क्रीनिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
डीएम ने कहा कि जिन लोगों में टीबी के संभावित लक्षण मिलें, उन्हें बिना देरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजकर आवश्यक जांच कराई जाए, ताकि समय पर इलाज शुरू हो सके।
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अमरलाल ने बताया कि अभियान के दूसरे दिन पूरे प्रखंड में 643 लोगों की टीबी स्क्रीनिंग की गई। इनमें 12 लोगों में संभावित टीबी के लक्षण पाए गए, जिन्हें आगे की जांच के लिए सीएचसी कुरसेला रेफर किया गया है। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत घर-घर और शिविरों के माध्यम से स्क्रीनिंग कर संभावित मरीजों की जल्द पहचान और उपचार सुनिश्चित किया जा रहा है।
Post a Comment