कुमार गौरव सैनी
कटिहार /सिटी हलचल न्यूज़ संवाददाता
बरारी नगर पंचायत के होनहार युवा कुमार गौरव सैनी ने बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की परीक्षा में सफलता हासिल कर अंचल पदाधिकारी (सीओ) पद के लिए चयनित होकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। वर्तमान में भारतीय रेलवे के कोलकाता मेट्रो रेल में असिस्टेंट चीफ कंट्रोलर के पद पर कार्यरत गौरव की इस उपलब्धि से पूरे बरारी क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।कुमार गौरव सैनी नगर पंचायत बरारी निवासी शंभूनाथ मालाकार के द्वितीय पुत्र हैं। वे मालाकार संदेश के संपादक सैनी प्रीतम कुमार दीप उर्फ दीपनारायण मालाकार के पौत्र, स्वतंत्रता सेनानी एवं क्रांति योद्धा नक्षत्र मालाकार के प्रपौत्र तथा समाजसेवी विमल मालाकार के भतीजे हैं। परिवार की सामाजिक और राष्ट्रसेवा की विरासत को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने अपनी मेहनत और लगन से प्रशासनिक सेवा में स्थान बनाया है।बीपीएससी परीक्षा में सफलता की खबर मिलते ही परिवार, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों में खुशी की लहर दौड़ गई। लोगों ने मिठाइयां बांटकर एक-दूसरे को बधाई दी और उनकी उपलब्धि को पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण बताया।स्थानीय समाजसेवियों एवं बुद्धिजीवियों ने कहा कि कुमार गौरव सैनी की सफलता इस बात का प्रमाण है कि निरंतर मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि गौरव की उपलब्धि बरारी सहित पूरे क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी और उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करेगी।परिजनों ने उनकी सफलता का श्रेय कठिन परिश्रम, परिवार के सहयोग और गुरुजनों के मार्गदर्शन को दिया। वहीं क्षेत्रवासियों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि वे प्रशासनिक सेवा में भी अपनी कार्यकुशलता और ईमानदारी से समाज की बेहतर सेवा करेंगे।

Post a Comment