Top News

गोस्वामी टोला में जलजमाव से लोग परेशान, स्थायी समाधान के लिए सड़क ऊंचीकरण की तैयारी



कटिहार जिले के कोढ़ा नगर पंचायत के वार्ड संख्या-11 स्थित गोस्वामी टोला में लगातार बारिश के दौरान जलजमाव की गंभीर समस्या बनी हुई है। सड़क और गलियों में पानी भर जाने से स्थानीय लोगों को आवागमन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। फिलहाल अस्थायी समाधान के तौर पर सक्शन पाइप के माध्यम से पानी निकासी की व्यवस्था की जाती है।

समस्या की जानकारी मिलने पर वार्ड पार्षद नीरज गुप्ता ने क्षेत्र का निरीक्षण कर लोगों की शिकायतें सुनीं। उन्होंने बताया कि जल निकासी के लिए नाले का समुचित निकास नहीं होने के कारण प्रत्येक वर्ष बारिश में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है।

मुख्य पार्षद धीरज कुमार सिंह ने बताया कि गोस्वामी टोला की सड़क का ऊंचीकरण ही समस्या का स्थायी समाधान है। इसके लिए योजना का चयन किया जा चुका है, लेकिन विभागीय स्तर पर कार्य बंद होने और फंड की कमी के कारण परियोजना आगे नहीं बढ़ पा रही है। उन्होंने कहा कि तत्काल राहत के लिए कुछ पंप सेट खरीदे गए हैं, जिनसे जल निकासी में मदद मिलेगी।

मुख्य पार्षद ने बताया कि योजना को लागू करने के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी करनी होगी, जिसमें करीब डेढ़ वर्ष का समय लग सकता है। नगर पंचायत प्रशासन क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयासरत है।

Post a Comment

Previous Post Next Post