Top News

कोलासी–सोनवर्षा सड़क निर्माण में देरी पर ग्रामीणों में नाराजगी, संवेदक पर कार्रवाई की मांग


ग्रामीण सड़क सुदृढ़ीकरण एवं प्रबंधन कार्यक्रम के तहत बन रही कोलासी–सेमापुर पीच रोड से सोनवर्षा भाया सन्दलपुर सड़क का निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद भी अधूरा है। करीब एक वर्ष पूर्व उद्घाटन के बावजूद 8.20 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण पूरा नहीं होने से क्षेत्र के लोगों में आक्रोश है।

ग्रामीणों का आरोप है कि कई स्थानों पर केवल मिट्टी भराई कर कार्य छोड़ दिया गया है, जबकि अधिकांश हिस्सों में सड़क निर्माण अधूरा पड़ा है। बरसात शुरू होने के बाद सड़क पर कीचड़, गड्ढे और बिखरे रोडों के कारण आवागमन काफी मुश्किल हो गया है। राहगीरों, स्कूली बच्चों, किसानों, मरीजों और छोटे व्यापारियों को प्रतिदिन परेशानी झेलनी पड़ रही है।

स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क पर पड़े बड़े-बड़े पत्थर और रोडे दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं। कई वाहन चालक हादसे का शिकार होते-होते बच चुके हैं।

जानकारी के अनुसार योजना के तहत 7.475 किलोमीटर वीटी सड़क, 0.725 किलोमीटर पीसीसी सड़क तथा 9 पुलियों का निर्माण होना है। करीब 14.66 करोड़ रुपये की लागत वाली इस योजना का कार्य 5 जून 2026 तक पूरा होना था, लेकिन समय सीमा बीतने के बाद भी निर्माण अधूरा है।

ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों पर निगरानी में लापरवाही का आरोप लगाते हुए जिला प्रशासन और ग्रामीण कार्य विभाग से मामले की जांच कर संवेदक के विरुद्ध कार्रवाई तथा शीघ्र निर्माण कार्य पूरा कराने की मांग की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post