बनमनखी प्रखंड क्षेत्र के जानकीनगर थाना अंतर्गत चांदपुर भंगहा पंचायत स्थित ठाकुरपट्टी प्राथमिक विद्यालय में भवन के अभाव में टेंट के नीचे बच्चों की पढ़ाई कराए जाने का मामला अब शिक्षा विभाग तक पहुंच गया है। इस मुद्दे को लेकर वर्षों से संघर्ष कर रहे सामाजिक कार्यकर्ता एवं श्रृंगी ऋषि सेवा फाउंडेशन के पूर्णिया जिला प्रबंधक बसंत यादव के प्रयास रंग लाते नजर आ रहे हैं।
बसंत यादव ने बताया कि विद्यालय भवन निर्माण की मांग को लेकर उन्होंने लगातार प्रखंड प्रशासन, जिला शिक्षा पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधियों तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों से संपर्क कर समस्या के समाधान की मांग की थी। बावजूद इसके विद्यालय भवन निर्माण की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हो सकी और बच्चे टेंट के नीचे पढ़ाई करने को मजबूर रहे।
उन्होंने बताया कि स्थानीय स्तर पर सुनवाई नहीं होने पर वे पटना पहुंचे और मुख्यमंत्री सचिवालय के साथ-साथ शिक्षा विभाग के वरीय अधिकारियों को विद्यालय की जर्जर एवं चिंताजनक स्थिति से अवगत कराया। इस संबंध में उन्होंने आवेदन देकर विद्यालय भवन निर्माण एवं मामले की जांच कराने की मांग की।
मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री सचिवालय ने शिक्षा विभाग के मुख्य सचिव/प्रधान सचिव को निष्पक्ष जांच कराने का निर्देश जारी किया है। निर्देश मिलने के बाद शिक्षा विभाग में हलचल तेज हो गई है और अब पूरे मामले की जांच कर रिपोर्ट तैयार किए जाने की प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है।
गौरतलब है कि ठाकुरपट्टी प्राथमिक विद्यालय में भवन नहीं होने के कारण बच्चों की पढ़ाई टेंट के नीचे कराई जा रही है। गर्मी, बारिश और अन्य प्रतिकूल मौसम में बच्चों एवं शिक्षकों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इसके बावजूद वर्षों से विद्यालय भवन निर्माण का कार्य अधर में लटका हुआ है।
क्षेत्र के लोगों ने मुख्यमंत्री सचिवालय द्वारा जांच के आदेश दिए जाने का स्वागत किया है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि निष्पक्ष जांच होती है तो विद्यालय भवन निर्माण का रास्ता साफ होगा और बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सकेगा।
स्थानीय लोगों ने इस जनहित के मुद्दे को लगातार उठाने और शासन-प्रशासन तक पहुंचाने के लिए बसंत यादव की सराहना की है। लोगों को उम्मीद है कि जांच पूरी होने के बाद विद्यालय भवन निर्माण की दिशा में जल्द ही ठोस कार्रवाई की जाएगी, जिससे बच्चों को टेंट के बजाय स्थायी भवन में शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिल सकेगा।
Post a Comment