Top News

वेंटिलेटर तोड़कर चोरी की वारदात, फरार चोर गिरफ्तार


बहादुरगंज शहर के मुख्य बाजार स्थित झांसी रानी चौक के समीप एक घर में हुई चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने वारदात में शामिल फरार आरोपी को गिरफ्तार कर मेडिकल जांच के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बिरनिया वार्ड संख्या 05 निवासी परवेज आलम (पिता- स्वर्गीय मो. इस्लाम) के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, बहादुरगंज थाना क्षेत्र के झांसी रानी चौक के पास स्थित एक बंद घर में बीते मंगलवार की शाम चोरों ने वेंटिलेटर तोड़कर प्रवेश किया और करीब 10 हजार रुपये नकद सहित सोने के जेवरात चोरी करने का प्रयास किया। इसी दौरान गृहस्वामी के अचानक घर पहुंच जाने से एक आरोपी को चोरी के सामान के साथ मौके पर ही पकड़ लिया गया, जबकि उसका एक साथी फरार होने में सफल रहा।

पकड़े गए आरोपी से पूछताछ के दौरान पुलिस को फरार आरोपी की पहचान की जानकारी मिली। इसके बाद पीड़ित गृहस्वामी की लिखित शिकायत पर बहादुरगंज थाना में कांड संख्या 356/26 दर्ज कर पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुट गई। इसी क्रम में गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सोमवार रात बिरनिया वार्ड संख्या 05 स्थित उसके घर पर छापेमारी कर फरार आरोपी मो. परवेज को गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार को मेडिकल जांच कराने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post