Top News

समस्तीपुर रेल मंडल में निकाली गई साइकिल रैली


रिपोर्ट - निरंजन जायसवाल ब्यूरो चीफ समस्तीपुर 
समस्तीपुर। विश्व पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने तथा स्वच्छ एवं हरित भविष्य के निर्माण के संकल्प को मजबूत करने के उद्देश्य से समस्तीपुर रेल मंडल में एक भव्य साइकिल रैली का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) ज्योति प्रकाश मिश्रा के नेतृत्व में रेल अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिवार के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। साइकिल रैली का आयोजन पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण में कमी तथा स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया गया। रैली के दौरान प्रतिभागियों ने साइकिल चलाकर लोगों को संदेश दिया कि दैनिक जीवन में साइकिल का अधिकाधिक उपयोग कर ईंधन की बचत की जा सकती है तथा वायु प्रदूषण को कम करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है। इस अवसर पर डीआरएम ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण सबसे बड़ी आवश्यकता है। बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। उन्होंने कहा कि साइकिल न केवल पर्यावरण के लिए लाभकारी है, बल्कि यह स्वास्थ्य के लिए भी अत्यंत उपयोगी है। नियमित साइकिल चलाने से शारीरिक फिटनेस बेहतर होती है और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा मिलता है। रैली में शामिल अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ लेते हुए अपने दैनिक जीवन में पर्यावरण-अनुकूल गतिविधियों को अपनाने का संकल्प लिया। इस दौरान लोगों को वृक्षारोपण, जल संरक्षण, प्लास्टिक के कम उपयोग तथा स्वच्छता बनाए रखने के लिए भी प्रेरित किया गया।रेल अधिकारियों ने बताया कि भारतीय रेल पर्यावरण संरक्षण को लेकर लगातार विभिन्न अभियान चला रही है। ऊर्जा संरक्षण, हरित पहल, स्वच्छता अभियान एवं कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने के लिए कई योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। इसी कड़ी में साइकिल रैली जैसे कार्यक्रमों का आयोजन कर आम लोगों को भी जागरूक किया जा रहा है। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने स्वच्छ, हरित एवं प्रदूषण मुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प दोहराया। साइकिल रैली ने न केवल पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया, बल्कि स्वस्थ जीवन और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति लोगों को प्रेरित करने का भी कार्य किया।

Post a Comment

Previous Post Next Post