Top News

बीडीओ-बीईओ का मदरसों में औचक निरीक्षण, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी



बैसा प्रखंड क्षेत्र में शैक्षणिक व्यवस्था को बेहतर बनाने और सरकारी निर्देशों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए प्रशासनिक सक्रियता बढ़ गई है। इसी क्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) राज कुमार चौधरी एवं प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) साजिद अली ने मंगलवार को क्षेत्र के विभिन्न मदरसों का औचक निरीक्षण किया। अचानक हुई इस जांच से मदरसा संचालकों और शिक्षकों में हड़कंप मच गया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मदरसों में उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं का गहन जायजा लिया। शुद्ध पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई, मिड-डे मील की व्यवस्था, छात्रों की उपस्थिति तथा शिक्षकों की नियमित उपस्थिति की जांच की गई। साथ ही नामांकन के अनुपात में विद्यार्थियों की मौजूदगी और शैक्षणिक गतिविधियों का भी आकलन किया गया।

बीडीओ राज कुमार चौधरी और बीईओ साजिद अली ने स्पष्ट कहा कि बच्चों की शिक्षा और सुविधाओं के साथ किसी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान जहां भी लापरवाही, अव्यवस्था या नियमों की अनदेखी पाई गई है, उसे चिन्हित कर संबंधित संचालकों को शीघ्र सुधार करने का निर्देश दिया गया है। निर्धारित समय सीमा के भीतर सुधार नहीं होने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

वहीं कई मदरसों में पठन-पाठन की व्यवस्था, साफ-सफाई, विद्यार्थियों की उपस्थिति और अनुशासन संतोषजनक एवं अनुकरणीय पाया गया। ऐसे संस्थानों की व्यवस्था से संतुष्ट होकर अधिकारियों ने मदरसा प्रबंधन एवं शिक्षकों की सराहना की और अन्य संस्थानों को भी उनसे प्रेरणा लेने की सलाह दी। निरीक्षण के दौरान शिक्षा विभाग के कर्मी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, मदरसा शिक्षक तथा प्रबंधन समिति के सदस्य भी मौजूद रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post