Top News

ऑटो से उतरते ही तेज रफ्तार ऑटो ने मारी टक्कर, 50 वर्षीय व्यक्ति की मौत


कसबा थाना क्षेत्र के गढ़बनैली ऑटो स्टैंड के पास मंगलवार को एक अज्ञात ऑटो की ठोकर से 50 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान डगरूआ थाना क्षेत्र के हराही गांव निवासी शंकर विश्वास (50) के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, शंकर विश्वास कसबा के दुर्गापुर स्थित अपनी बहन सावित्री देवी के घर आए हुए थे। मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कसबा में इलाज कराने के बाद वे ऑटो से अपनी बहन के घर लौट रहे थे। गढ़बनैली ऑटो स्टैंड पर ऑटो से उतरने के दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार एक अन्य ऑटो ने उन्हें जोरदार ठोकर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।

घटना के बाद आरोपी ऑटो चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। घायल शंकर विश्वास कुछ देर तक सड़क पर तड़पते रहे। बाद में स्थानीय ग्रामीणों की मदद से उन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कसबा लाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे और दोषी ऑटो चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा करने लगे।
कसबा थानाध्यक्ष ज्ञान रंजन ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए पूर्णिया मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस दुर्घटना को अंजाम देने वाले ऑटो और उसके चालक की पहचान में जुटी हुई है। जल्द ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post