Top News

नोएडा से गुवाहाटी जा रहा कंटेनर रहस्यमय ढंग से लापता, लाखों का इलेक्ट्रॉनिक सामान गायब


अररिया | मुबारक हुसैन
नोएडा से गुवाहाटी के लिए इलेक्ट्रॉनिक सामान लेकर रवाना हुआ कर्नाटक नंबर (केए-02एजे-1157) का कंटेनर ट्रक अररिया में रहस्यमय परिस्थितियों में गायब हो गया। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। हालांकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कंटेनर को बरामद कर लिया, लेकिन उसमें रखा लाखों रुपये मूल्य का इलेक्ट्रॉनिक सामान गायब मिला। वहीं चालक और उपचालक भी लापता हैं।

जानकारी के अनुसार, बेंगलुरु वेस्ट (राजाजी नगर) में पंजीकृत यह कंटेनर ट्रक शाम करीब सात बजे तक टोल प्लाजा के सीसीटीवी और ट्रैकिंग सिस्टम में दिखाई दिया था। इसके बाद अचानक उसकी लोकेशन मिलनी बंद हो गई और वाहन ट्रेसलेस हो गया। घटना की जानकारी मिलने पर कंटेनर मालिक ने सीधे पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार से संपर्क कर मामले की शिकायत की।

एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ सुशील कुमार के नेतृत्व में नगर थानाध्यक्ष मनीष कुमार रजक, एसआई ललित सिंह एवं क्यूआरटी टीम की विशेष टीम गठित कर सर्च अभियान चलाया गया। पुलिस की सक्रियता के बाद कंटेनर ट्रक को बरामद कर नगर थाना क्षेत्र स्थित जेल परिसर के समीप सुरक्षित खड़ा कराया गया।

बरामदगी के बाद जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ। कंटेनर पूरी तरह खाली मिला और उसमें लदा लाखों रुपये का इलेक्ट्रॉनिक सामान गायब था। साथ ही चालक और उपचालक भी फरार पाए गए। दोनों के मोबाइल फोन बंद हैं, जिससे मामले को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं।

इस संबंध में एसडीपीओ सुशील कुमार ने बताया कि ट्रांसपोर्ट कंपनी की शिकायत और वरीय अधिकारियों के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए कंटेनर को बरामद कर लिया गया है। हालांकि उसमें रखा सामान और चालक-उपचालक अभी तक नहीं मिले हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है तथा कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। यह सुनियोजित चोरी है या इसके पीछे कोई अन्य साजिश है, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किए जाने की उम्मीद है।

Post a Comment

Previous Post Next Post