मुरलीगंज प्रखंड क्षेत्र के मोरकाही गांव के समीप मंगलवार दोपहर करीब एक बजे दो बाइकों के बीच आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। ग्रामीणों की तत्परता से सभी घायलों को तत्काल मुरलीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
अस्पताल पहुंचते ही अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. निखिल रंजन ने स्वास्थ्य कर्मियों के सहयोग से सभी घायलों का प्राथमिक उपचार शुरू कराया। घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर मधेपुरा रेफर कर दिया गया।
हादसे में गंभीर रूप से घायल साहेबगंज इटहरी निवासी रामानंद पासवान के 35 वर्षीय पुत्र मिथुन कुमार की मधेपुरा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। मिथुन की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजनों ने बताया कि मिथुन कुमार अपनी पत्नी बेबी देवी (30) और आशा देवी (30) को बाइक पर बैठाकर मोरकाही अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्र एनसी जांच कराने जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रहे प्रभात कुमार अपने एक साथी के साथ बाइक से पहुंचे और उनकी बाइक से जोरदार टक्कर हो गई।
इस दुर्घटना में मिथुन कुमार, बेबी देवी, आशा देवी तथा प्रभात कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। चिकित्सक डॉ. निखिल रंजन ने बताया कि चारों घायलों की स्थिति चिंताजनक थी, जिसमें मिथुन कुमार की हालत सबसे अधिक गंभीर थी। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को हायर सेंटर रेफर किया गया था।
घटना के संबंध में थानाध्यक्ष नूरुल हक से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क स्थापित नहीं हो सका। हालांकि, पुलिस को दुर्घटना की सूचना मिलने की बात सामने आई है।
Post a Comment