Top News

सीमावर्ती क्षेत्रों में तस्करी व मादक पदार्थों के नेटवर्क पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश


जिला पदाधिकारी विशाल राज एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय वेश्म में आंतरिक सुरक्षा, विधि-व्यवस्था तथा एनसीओआरडी (NCORD) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में भारत-नेपाल सीमा से जुड़े क्षेत्रों में तस्करी, मादक पदार्थों की अवैध आवाजाही, उर्वरक की कालाबाजारी और फर्जी दस्तावेजों के उपयोग पर चर्चा की गई।

समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि पेट्रोल-डीजल की कीमतों में अंतर का लाभ उठाकर कुछ लोग पेट्रोलियम पदार्थों की अवैध ढुलाई कर रहे हैं। इस पर एसएसबी समेत संबंधित एजेंसियों को निगरानी बढ़ाकर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वहीं फर्जी आधार कार्ड बनाने और अवैध गतिविधियों में संलिप्त सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई करने को कहा गया।

उर्वरक तस्करी के मामलों पर चिंता जताते हुए कृषि विभाग को निर्देश दिया गया कि एसएसबी द्वारा पकड़े गए मामलों में त्वरित प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। बड़ी मात्रा में उर्वरक ले जाने वाले वाहनों पर विशेष नजर रखने को भी कहा गया।

पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने कहा कि हाल के दिनों में मादक पदार्थों की बरामदगी बढ़ी है और तस्करी नेटवर्क से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां मिल रही हैं। उन्होंने संबंधित एजेंसियों को आपूर्ति के स्रोतों का पता लगाकर पूरे नेटवर्क पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साथ ही छोटे-छोटे पैकेटों में मादक पदार्थों के संग्रहण की प्रवृत्ति को गंभीर बताते हुए विशेष अभियान चलाने और खुफिया तंत्र को मजबूत करने पर जोर दिया।

बैठक में बताया गया कि जिले में नारकोटिक्स टास्क फोर्स का गठन किया गया है। आम लोग मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़ी सूचना हेल्पलाइन नंबर 9031816150 पर दे सकते हैं। सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। बैठक में एडीएम अमरेन्द्र कुमार पंकज, एसडीओ अनिकेत कुमार समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post