Top News

टेढ़ागाछ में सात मदरसों का औचक निरीक्षण, शैक्षणिक व्यवस्था और मध्याह्न भोजन की जांच


टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों में संचालित मदरसों की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्था का जायजा लेने के लिए सोमवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी अजय कुमार एवं प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अनिल कुमार शर्मा ने संयुक्त रूप से निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान धवेली और हवाकोल पंचायत समेत चार पंचायतों के सात मदरसों का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं मौलवियों की उपस्थिति पंजी, मध्याह्न भोजन चखनी पंजी सहित विभिन्न अभिलेखों की गहन जांच की। साथ ही मध्याह्न भोजन योजना की गुणवत्ता, स्वच्छता, मेन्यू के अनुरूप भोजन उपलब्धता तथा विद्यार्थियों को परोसे जा रहे भोजन का भी निरीक्षण किया।

प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि निरीक्षण का उद्देश्य शैक्षणिक गतिविधियों की नियमितता सुनिश्चित करना, विद्यार्थियों की उपस्थिति की समीक्षा करना तथा सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का मूल्यांकन करना है। उन्होंने कहा कि सभी मदरसों को निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालन करने का निर्देश दिया गया है।

अधिकारियों ने मदरसा प्रबंधन को शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा अभिलेखों को अद्यतन रखने पर विशेष ध्यान देने को कहा। जहां आवश्यक पाया गया, वहां सुधारात्मक सुझाव भी दिए गए।

प्रखंड प्रशासन के इस निरीक्षण अभियान से मदरसों में शैक्षणिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा सरकारी योजनाओं के पारदर्शी संचालन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन की इस पहल का स्वागत करते हुए नियमित निरीक्षण की मांग की।

Post a Comment

Previous Post Next Post