पटना के दीघा थाना क्षेत्र में हुई छिनतई की घटना के अनुसंधान में कटिहार पुलिस को अहम सफलता मिली है। रौतारा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दीघा थाना कांड संख्या-514/26 से संबंधित छिनतई गई दो सोने की चेन बरामद की है।
रौतारा थाना प्रभारी लालासर बिंद ने बताया कि दीघा थाना पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर चलाए गए अभियान के दौरान थाना क्षेत्र निवासी करण कुमार के घर से दोनों सोने की चेन बरामद की गई। बरामदगी के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर आभूषणों को आगे की कार्रवाई के लिए दीघा थाना पुलिस को सौंप दिया गया।
पुलिस के अनुसार, मामले की जांच जारी है। छिनतई की घटना में अन्य लोगों की संलिप्तता तथा बरामद आभूषण वहां तक कैसे पहुंचे, इसकी पड़ताल की जा रही है। जांच के आधार पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की इस कार्रवाई को अंतरजिला समन्वय का सफल उदाहरण माना जा रहा है, जिससे छिनतई कांड के खुलासे में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है।
Post a Comment