जीविका द्वारा कोढ़ा प्रखंड में दीदी अधिकार केंद्र के अंतर्गत ग्राहक सेवा केंद्र (सीएसपी) का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन विधायक कविता पासवान, जिला परिषद अध्यक्ष रश्मि कुमारी सिंह, स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं जिला परियोजना प्रबंधक इंद्र शेखर इंदु ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कार्यक्रम में जीविका के जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों, दर्पण जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समिति के प्रतिनिधियों तथा 100 से अधिक जीविका दीदियों ने भाग लिया।
जिला परियोजना प्रबंधक इंद्र शेखर इंदु ने बताया कि दीदी अधिकार केंद्र के माध्यम से महिलाओं को कानूनी अधिकारों, सरकारी योजनाओं, घरेलू हिंसा संबंधी मामलों में सहायता, ऑनलाइन आवेदन एवं कानूनी परामर्श की सुविधा मिलेगी। आवश्यकता पड़ने पर मामलों को प्रखंड स्तरीय समिति और महिला हेल्पलाइन से भी जोड़ा जाएगा।
जिला स्तरीय प्रबंधक (सामाजिक विकास) अनोज कुमार ने कहा कि ग्राहक सेवा केंद्र के माध्यम से जाति, आय, निवास प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड समेत विभिन्न सरकारी सेवाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन किए जा सकेंगे।
विधायक कविता पासवान ने कहा कि जीविका से जुड़कर महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त हुई हैं और आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रही हैं। वहीं जिला परिषद अध्यक्ष रश्मि कुमारी सिंह ने कहा कि जीविका महिलाओं के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है तथा इस केंद्र से ग्रामीणों को सरकारी सेवाएं अधिक सुलभ रूप से मिल सकेंगी।
Post a Comment