बिहार सरकार के प्रमोद कुमार चंद्रवंशी की अध्यक्षता में आयोजित जिला बीस सूत्री बैठक में कोढ़ा नगर पंचायत की विभिन्न जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। नगर पंचायत कोढ़ा के मुख्य पार्षद धीरज कुमार सिंह ने बैठक में लिखित आवेदन सौंपकर नगर क्षेत्र की कई गंभीर समस्याओं की ओर मंत्री का ध्यान आकृष्ट कराया।
मुख्य पार्षद ने बताया कि नगर पंचायत के कई वार्डों में बिजली के पोल जर्जर अवस्था में हैं और बांस-बल्ले के सहारे विद्युत आपूर्ति की जा रही है। उन्होंने कहा कि इससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है, इसलिए शीघ्र नए पोल लगाने और व्यवस्था दुरुस्त करने की आवश्यकता है।
बैठक में गर्ल्स स्कूल, हाई स्कूल एवं बेसिक स्कूल परिसरों में असामाजिक तत्वों द्वारा उत्पात मचाने का मुद्दा भी उठाया गया। मुख्य पार्षद ने विद्यालयों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की मांग की।
इसके अलावा निजी खेतों से मिट्टी कटाई के दौरान खनन विभाग द्वारा वाहनों को जब्त किए जाने के मामलों का मुद्दा भी बैठक में रखा गया। उन्होंने कहा कि इससे आम लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
मुख्य पार्षद ने नगर पंचायत क्षेत्र में नल-जल योजना की खराब स्थिति, पेयजल आपूर्ति में आ रही बाधाओं तथा बाजार फीडर से नियमित और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग भी मंत्री के समक्ष रखी।
बाढ़ राहत व्यवस्था को लेकर भी उन्होंने मखदमपुर पंचायत के नंदग्राम, जरलाही तथा मधुरा पंचायत के देवकली पैकहा में राहत शिविर खोलने की मांग की, ताकि संभावित बाढ़ की स्थिति में प्रभावित लोगों को समय पर सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
बैठक में मंत्री प्रमोद कुमार चंद्रवंशी ने मुख्य पार्षद द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों को गंभीरता से लेते हुए कहा कि संबंधित आवेदनों की जांच कर विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि जनसमस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी जाएगी।
Post a Comment