कटिहार जिले के कोढ़ा नगर पंचायत अंतर्गत कोढ़ा सार्वजनिक दुर्गा मंदिर सामुदायिक भवन में आयोजित सहयोग शिविर में बड़ी संख्या में लोग अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर पहुंचे। शिविर में नगर पंचायत से संबंधित शिकायतों और जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े मामलों की सुनवाई की गई, वहीं कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान भी किया गया।
शिविर में नगर कार्यपालक पदाधिकारी, नगर स्वच्छता पदाधिकारी, वार्ड पार्षद विमल पासवान, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि गुड्डू मेहता, वार्ड पार्षद मनिक लाल बड़ाइक सहित नगर पंचायत के कई कर्मी मौजूद रहे। अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके निराकरण के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
इस दौरान नगर पंचायत के मुख्य पार्षद धीरज कुमार सिंह एवं संबंधित वार्ड पार्षदों ने शिविर में पहुंचे लोगों से संवाद किया। शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना, सड़क निर्माण, बिजली आपूर्ति, नाला निर्माण, नल-जल योजना, वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन समेत विभिन्न योजनाओं से संबंधित मामलों पर सुनवाई की गई तथा पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ दिलाने की दिशा में पहल की गई।
मुख्य पार्षद धीरज कुमार सिंह ने कहा कि सरकार द्वारा आयोजित सहयोग शिविर आमजनों के लिए काफी लाभकारी सिद्ध हो रहा है। उन्होंने कहा कि शिविर के माध्यम से लोगों की समस्याओं का त्वरित गति से समाधान किया जा रहा है, जिससे नागरिकों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिल रही है।
Post a Comment