Top News

नेपाल में ब्राउन शुगर और जाली नोट के साथ युवक गिरफ्तार


पड़ोसी देश नेपाल के सुनसरी जिला अंतर्गत इटहरी शहर में नेपाल पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ और जाली मुद्रा के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। युवक के पास से ब्राउन शुगर के साथ बड़ी मात्रा में जाली नेपाली नोट बरामद किए गए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोसी प्रदेश पुलिस कार्यालय विराटनगर और पकली पुलिस कार्यालय की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर इटहरी उपमहानगरपालिका-18 निवासी 23 वर्षीय रोहित चौधरी को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके बैग से छिपाकर रखा गया 7.79 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया गया।

पुलिस ने आरोपी के पास से 500 नेपाली रुपये मूल्यवर्ग के जाली नोटों की कुल 47 हजार नेपाली रुपये राशि भी बरामद की है। अधिकारियों के अनुसार, बरामद मादक पदार्थ और जाली नोटों के संबंध में आरोपी से पूछताछ की जा रही है।

समाचार लिखे जाने तक गिरफ्तार रोहित चौधरी को पकली थाना में रखकर गहन पूछताछ की जा रही थी। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस अवैध कारोबार में अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं।
नेपाल पुलिस की इस कार्रवाई को मादक पदार्थों की तस्करी और जाली मुद्रा के नेटवर्क के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post