प्रखंड कार्यालय स्थित सभागार में गुरुवार को प्रखंड स्तरीय कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति अध्यक्ष राजीव कुमार ने की। बैठक में विभिन्न विभागों से संबंधित जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए संबंधित अधिकारियों से जवाब-तलब किया गया।
बैठक के दौरान समिति सदस्यों ने तैयारी में कमी, विभागीय अधिकारियों की उदासीनता तथा विकास कार्यों में आ रही बाधाओं को लेकर नाराजगी जताई। सदस्यों ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग के जेई आम लोगों के फोन नहीं उठाते हैं, जिससे विद्युत संबंधी समस्याओं का समय पर समाधान नहीं हो पाता।
ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालयों में शिक्षकों की अनुपस्थिति का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। सदस्यों ने कहा कि कई स्कूलों में शिक्षक नियमित रूप से उपस्थित नहीं रहते, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इसके अलावा नवसृजित विद्यालयों के लिए भूमि उपलब्ध नहीं होने की समस्या पर भी चर्चा की गई।
बैठक में नाढी पंचायत के बूथ संख्या-395 पर बीएलओ की नियुक्ति नहीं होने का मामला उठाया गया। वहीं कोल्हायपट्टी वार्ड संख्या-6 में आंगनबाड़ी केंद्र के निजी आवास में संचालित होने पर भी चिंता व्यक्त की गई।
समिति सदस्य मनोज मंडल ने जोरगामा पंचायत में हाई मास्ट लाइट लगाने की मांग उठाई। साथ ही कई विभागीय अधिकारियों की अनुपस्थिति पर भी सदस्यों ने नाराजगी जाहिर की। उपस्थित अधिकारियों ने उठाई गई समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने तथा शीघ्र निष्पादन का आश्वासन दिया।
बैठक में बीडीओ गोपाल कृष्णन, प्रखंड प्रमुख अब्दुल जब्बार, बीस सूत्री उपाध्यक्ष सूरज जायसवाल, सुरेंद्र यादव, बिनोद साह, बीस सूत्री सदस्य रविंद्र कुमार, बेचो सिंह, मो. फखरे आलम, मीरा देवी, अंगेश मंडल, धीरज कुमार वर्मा, सुनील सिंह, मनोज मंडल, बबलू यादव, शंभू राम, सुनील कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
Post a Comment