Top News

रूपौली में 1350 रुपये की डीएपी 2000 में बिकने का आरोप, कृषि समन्वयक को शोकॉज

 

किसानों ने की मनमानी वसूली की शिकायत, पैक्स गोदामों से खाद उठाव और बिक्री की जांच की भी उठी मांग

रूपौली/बालमुकुन्द यादव

पूर्णिया जिले के रूपौली प्रखंड में डीएपी खाद की कीमत को लेकर किसानों ने मनमानी वसूली का आरोप लगाया है। किसानों का कहना है कि 1350 रुपये कीमत वाली डीएपी की बोरी 1900 से 2000 रुपये तक में बेची जा रही है। वहीं, निर्धारित दर पर खाद उपलब्ध कराने की शिकायत लेकर पहुंचे किसानों को कथित तौर पर दुकानदार की मांग के अनुसार खाद खरीदने की सलाह दी गई। इस मामले में प्रखंड कृषि पदाधिकारी ने संबंधित कृषि समन्वयक से शोकॉज करने की बात कही है।

किसानों के अनुसार, खेती के समय खाद की जरूरत को देखते हुए उन्हें मजबूरी में अधिक कीमत चुकानी पड़ रही है। प्रखंड में खाद की उपलब्धता और पैक्स के सरकारी गोदामों से खाद का उठाव होने के बावजूद किसानों को महंगे दाम पर खाद मिलने की शिकायत सामने आई है।प्रखंड कृषि पदाधिकारी कृष्णदेव चौधरी ने डीएपी की सरकारी कीमत 1350 रुपये बताई। उनसे जब भिखना पंचायत के कृषि समन्वयक मनोज कुमार द्वारा किसानों को कथित तौर पर दुकानदार की मांग के अनुसार खाद खरीदने की सलाह देने के संबंध में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि यदि ऐसा कहा गया है तो संबंधित कृषि समन्वयक से शोकॉज किया जाएगा।

इधर, किसानों ने पैक्स गोदामों से खाद के उठाव और वितरण की जांच की मांग की है। उनका सवाल है कि सरकारी गोदामों से उठाई गई खाद किसानों को किस कीमत पर बेची जा रही है। किसानों ने स्टॉक रजिस्टर, वितरण पंजी और बिक्री रसीदों की जांच कराने की मांग की है।स्थानीय स्तर पर कुछ खाद दुकानों को लेकर भी अनियमितता और कथित सिंडिकेट की चर्चा है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। किसानों ने जिला पदाधिकारी और जिला कृषि पदाधिकारी से निजी खाद दुकानों तथा पैक्स गोदामों की औचक जांच कराने की मांग की है।अब देखना है कि विभागीय जांच में अधिक कीमत वसूली की शिकायतें कितनी सही पाई जाती हैं और जिम्मेदार लोगों पर क्या कार्रवाई होती है।

Post a Comment

Previous Post Next Post