Top News

अररिया में दर्दनाक हादसा: पोखर में डूबने से तीन किशोरियों की मौत, गांव में मातम


जिले के भरगामा प्रखंड अंतर्गत खजुरी पंचायत के बलुआही टोला वार्ड संख्या-4 में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में तीन किशोरियों की पोखर में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और मृतक बच्चियों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मृतक किशोरियों की पहचान बलुआही टोला निवासी उपेंद्र ऋषिदेव की 13 वर्षीय पुत्री रनिया कुमारी, फूलचंद ऋषिदेव की 14 वर्षीय पुत्री अंजली कुमारी तथा राजू ऋषिदेव की 14 वर्षीय पुत्री काजल कुमारी के रूप में हुई है। तीनों महादलित परिवार से थीं।

स्थानीय लोगों के अनुसार, गुरुवार शाम तीनों किशोरियां जलावन चुनने के लिए गांव के बाहर गई थीं। जलावन लेकर लौटने के दौरान भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए वे पास के एक पोखर में नहाने चली गईं। इसी दौरान वे गहरे पानी में चली गईं और डूब गईं।
काफी देर तक जब तीनों घर नहीं लौटीं तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान ग्रामीणों को आशंका हुई और पोखर के आसपास तलाश की गई। बाद में तीनों किशोरियां पोखर में मृत अवस्था में मिलीं। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। पूरे गांव में मातम का माहौल है। मृतक बच्चियों के परिजन बदहवास हैं और गांव में शोक व्याप्त है।

सूचना मिलने पर भरगामा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

एक ही गांव की तीन बच्चियों की एक साथ मौत से बलुआही टोला में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को उचित सहायता देने की मांग की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post