अररिया जिले के पलासी थाना क्षेत्र से एक ऐसी दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। जिस पति के साथ पत्नी बाजार में खरीदारी करने निकली थी, उसी ने रास्ते में उसकी जिंदगी छीन ली। आरोप है कि पति ने पहले पत्नी के साथ मारपीट की और फिर गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को बांस की झाड़ी में फेंक दिया और अपने चार वर्षीय बेटे को साथ लेकर फरार हो गया।
गुरुवार सुबह कनखुदिया-गंगझली मार्ग स्थित सुरकिया धार के समीप बांस झाड़ी में एक महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान मजलिसपुर पंचायत के पनडुब्बी गांव निवासी 27 वर्षीय नविता देवी के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार नविता देवी पिछले करीब दो वर्षों से अपने तीन बच्चों के साथ पीपरा बिजवार स्थित अपने मायके में रह रही थीं। पति गौरव मंडल और नविता के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। परिजनों का आरोप है कि पति द्वारा लगातार प्रताड़ित किए जाने के कारण नविता ससुराल छोड़कर मायके में रहने को मजबूर हो गई थीं।
बताया जाता है कि बुधवार को पंजाब से लौटे गौरव मंडल ने पत्नी को कलियागंज बाजार में खरीदारी कराने का भरोसा दिया। नविता अपने चार वर्षीय पुत्र आर्यन को लेकर उसके साथ निकल गईं। परिजनों के मुताबिक उन्हें क्या पता था कि यह सफर उनकी जिंदगी का आखिरी सफर साबित होगा।
आरोप है कि रास्ते में पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। इसके बाद गौरव मंडल ने नविता के साथ मारपीट की और फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को सुरकिया धार के पास बांस झाड़ी में फेंक दिया गया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी अपने चार वर्षीय बेटे को साथ लेकर फरार हो गया।
गुरुवार सुबह स्थानीय लोगों ने झाड़ी में शव देखा तो इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पलासी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अररिया सदर अस्पताल भेज दिया।
मृतका के पिता विद्यानंद मंडल ने बताया कि करीब सात वर्ष पूर्व नविता की शादी गौरव मंडल से हुई थी। शुरुआती दिनों में सब कुछ सामान्य था और दोनों के तीन बच्चे भी हुए। लेकिन समय के साथ पति का व्यवहार बदल गया और प्रताड़ना बढ़ती गई। परिजनों के अनुसार करीब दो वर्ष पहले भी जब विद्यानंद मंडल अपनी बेटी को लेने ससुराल पहुंचे थे, तब उनके साथ मारपीट की गई थी। पंचायत स्तर पर कई बार समझौते की कोशिश हुई, लेकिन विवाद खत्म नहीं हुआ।
घटना के बाद नविता के मायके में मातम पसरा हुआ है। मां गीता देवी, बहन जूना देवी समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। सबसे दर्दनाक स्थिति नविता के बच्चों की है, जिन्हें अभी तक यह समझ नहीं आ रहा कि उनकी मां अब इस दुनिया में नहीं रही।
आरोपी की तलाश में पुलिस
पलासी थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने बताया कि मृतका के पिता के बयान पर आरोपी पति गौरव मंडल के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। प्रथम दृष्टया मामला गला दबाकर हत्या किए जाने का प्रतीत होता है। आरोपी अपने चार वर्षीय पुत्र के साथ फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
Post a Comment