Top News

बहियार में पेड़ से लटका मिला युवक का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका


के.नगर थाना क्षेत्र के झुन्नी कला पंचायत में गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब एक युवक का शव बहियार में पेड़ से लटका हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान झुन्नी कला पंचायत के वार्ड संख्या-13 स्थित मुसहरी टोला निवासी 32 वर्षीय सिंटू कुमार के रूप में हुई है। वह किशनदेव ऋषि का पुत्र था। बताया जाता है कि बुधवार शाम सिंटू घर से दुकान जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने काफी खोजबीन की, मगर उसका कोई पता नहीं चल सका।

गुरुवार सुबह पंचायत के मुखिया ने परिवार को सूचना दी कि लक्ष्मीपुर डंगराहा बहियार में एक पेड़ से सिंटू का शव लटका हुआ है। सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पहुंचे। शव देखते ही परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

मृतक की पत्नी प्रमल देवी ने हत्या की आशंका जताते हुए कहा कि उनके पति की हत्या कर शव को पेड़ से लटका दिया गया है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। इधर, परिवार के सदस्यों ने बताया कि सिंटू पिछले कई वर्षों से मानसिक बीमारी से पीड़ित था और उसका इलाज चल रहा था। परिजनों के अनुसार वह अक्सर मानसिक तनाव में रहता था।

केनगर थानाध्यक्ष अजय कुमार अजनवी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच में जुटी हुई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post