भवानीपुर नगर पंचायत क्षेत्र स्थित बलदेव उच्च माध्यमिक विद्यालय के पीछे की सरकारी नर्सरी की जमीन को लेकर विवाद गहरा गया है। भूमि पर कथित अतिक्रमण की शिकायत मिलने के बाद स्थानीय जनप्रतिनिधियों और जदयू नेताओं ने जिला पदाधिकारी को आवेदन देकर सरकारी जमीन को अतिक्रमणमुक्त कराने की मांग की है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए अंचलाधिकारी ईशा रंजन अंचल कर्मियों के साथ विवादित स्थल पर पहुंचीं और जमीन का भौतिक सत्यापन किया। जांच के दौरान उन्होंने संबंधित भूमि पर किसी भी प्रकार के नए निर्माण कार्य या अन्य गतिविधि पर तत्काल रोक लगाने का निर्देश दिया।
इधर, भूमि के स्वामित्व को लेकर विवाद ने नया मोड़ ले लिया है। संबंधित पक्ष के विनोद सिंह एवं रणविजय राय ने दावा किया है कि उन्होंने उक्त बगीचे वाली जमीन मोहम्मद एकराम व मोहम्मद शकील से खतियानी आधार पर खरीदी है। उनका कहना है कि जिस भूखंड पर उनका दावा है, वह सरकारी नर्सरी की जमीन नहीं है। उन्होंने कहा कि नर्सरी की वास्तविक जमीन उनकी भूमि से सटी हुई है, लेकिन अलग भूखंड पर स्थित है।
विनोद सिंह ने प्रशासन से निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग करते हुए कहा कि यदि नर्सरी की जमीन अलग है तो उसका सीमांकन कर स्पष्ट रूप से सार्वजनिक किया जाए, ताकि भ्रम की स्थिति समाप्त हो सके।
वहीं, इस मामले को लेकर स्थानीय लोगों में भी चर्चा तेज है। अब सभी की नजर प्रशासनिक जांच और उसके निष्कर्ष पर टिकी हुई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि विवादित भूमि सरकारी नर्सरी की है या निजी स्वामित्व की।
Post a Comment