Top News

कुरसेला में आग लगने से घर जलकर राख, हजारों की संपत्ति का नुकसान


कुरसेला प्रखंड के कटरिया गांव के एक घर में खाना बनाने के दौरान अचानक आग लगने से एक घर जलकर राख हो गया। इस घटना में घर में रखा घरेलू सामान, अनाज, कपड़े एवं अन्य जरूरी सामग्री जलकर नष्ट हो गई। आग लगने के बाद गांव में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मिली जानकारी के अनुसार कटरिया गांव निवासी राजेश कुमार झा के छतदार मकान पर बने फूसनुमा घर में खाना बनाने के दौरान आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटें उठती देख आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। ग्रामीणों की काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक घर में रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो चुका था।
घटना के बाद पीड़ित परिवार को भारी आर्थिक क्षति हुई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा एवं राहत सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।इधर, घटना की सूचना मिलने पर राजस्व कर्मचारी रोहित कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और अगलगी से हुई क्षति का आकलन किया। उन्होंने बताया कि क्षतिपूर्ति से संबंधित प्रतिवेदन तैयार कर सीओ को सौंप दिया गया है, ताकि नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post