Top News

किशनगंज में ब्राउन शुगर के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, डेढ़ लाख से अधिक नेपाली मुद्रा भी बरामद


जिले में सूखे नशे के कारोबारियों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर विभिन्न थाना क्षेत्रों में नशा तस्करों के खिलाफ विशेष कार्रवाई की जा रही है।

इसी क्रम में गुरुवार को दिघलबैंक थाना पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने दिघलबैंक बाजार में छापेमारी कर बड़ी सफलता हासिल की। कार्रवाई के दौरान टीम ने 85.39 ग्राम ब्राउन शुगर, 30,858 रुपये भारतीय मुद्रा, 1,52,755 रुपये नेपाली मुद्रा तथा चार मोबाइल फोन बरामद किए।

मामले में दो कथित तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मो. आलम (40 वर्ष) और मो. आदिल (20 वर्ष), दोनों निवासी दिघलबैंक बाजार, के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार बरामद ब्राउन शुगर की कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। गिरफ्तार दोनों आरोपितों से पूछताछ की जा रही है ताकि नशे के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा सके।

इस संयुक्त कार्रवाई में एसएसबी दिघलबैंक के सहायक कमांडेंट मनोज कुमार, थानाध्यक्ष विपिन कुमार सिंह समेत एसएसबी और पुलिस के जवान शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post